Skip to main content

दुर्व्यवहार और उपेक्षा के बारे में कथन

Hireup में विकलाँगता-ग्रस्त लोगों के साथ दुर्व्यवहार, लापरवाही, उपेक्षा और शोषण के प्रति शून्य सहिष्णुता(Zero Tolerance) की नीति है। हम दुर्व्यवहार, लापरवाही, उपेक्षा और शोषण को रोकने के लिए प्राकृतिक सुरक्षा उपाय के रूप में यह मानते हैं कि विकलाँगता-ग्रस्त लोगों तथा उनके परिवारों को और अधिक चयन तथा नियंत्रण के माध्यम से सशक्त बनाया जाए। इसके अतिरिक्त हमने अपने प्लेटफॉर्म और नीतियों में भी कई सुरक्षा उपाय निर्मित किए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम अपने सभी उपयोगकर्ताओं के लिए एक सुरक्षित और उपयुक्त ऑनलाइन और ऑफलाइन समुदाय को बढ़ावा दे रहे हैं।

दुर्व्यवहार और उपेक्षा क्या है?

दुर्व्यवहार और उपेक्षा में किसी व्यक्ति या व्यक्तियों के समूह द्वारा किसी अन्य के ऊपर शक्ति और नियंत्रण किया जाना शामिल होता है। दुर्व्यवहार और उपेक्षा मात्र एक बार की घटना हो सकती है या फिर लंबे समय तक चल सकती है। ऐसा जानबूझकर या अनजाने में, चालाकी से, ज़बरदस्ती और धोखे से, या फिर आवेग और हिंसा के साथ किया जा सकता है। विकलाँगता-मुक्त लोगों की तुलना में विकलाँगता-ग्रस्त लोगों को दुर्व्यवहार और उपेक्षा का अनुभव होने की संभावना अधिक होती है।

उदाहरण के लिए, विकलाँगता-ग्रस्त लोगों के लिए दुर्व्यवहार और उपेक्षा का अनुभव होने की संभावना निम्नलिखित कारणों से अधिक होती हैः

  • लोगों के रहने, काम करने और मेल-मिलाप के परिवेश, जो इस रूप में और कहीं भी नहीं होते हैं
  • शारीरिक और अंतरंग आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए दूसरों से समर्थन की आवश्यकता
  • सोचने-समझने व बात करने में असमर्थता  और/या इंद्रिय-संबंधी बाधाओं के कारण दुर्व्यवहार और उपेक्षा होने पर दूसरों को बताने में कठिनाई
  • सामुदायिक, पक्षसमर्थन और पारिवारिक नेटवर्कों की सुगमता में कठिनाई

दुर्व्यवहार के प्रकार

शारीरिक दुर्व्यवहार: किसी बच्चे या वयस्क को गैर-आकस्मिक शारीरिक नुकसान होना या चोट लगना, जैसे किसी भी तरह से दर्द या खरोंचें, हड्डियाँ टूटने, जलन, बिजली का झटका या परेशान करने वाली उत्तेजना (जैसे स्वाद, गर्मी या ठंड) पैदा करना तथा ऐसी प्रतिबंधात्मक प्रथाओं का पालन करना, जो समर्थन के इच्छुक व्यक्ति की सकारात्मक व्यवहार समर्थन योजना (positive behaviour support plan) में नहीं दी गई हैं।

यौन दुर्व्यवहार: वयस्क और16 साल या इससे कम आयु के बच्चे के बीच किसी भी तरह का यौन संपर्क; या सोचने-समझने की बाधित क्षमता वाले व्यक्ति के साथ किसी भी तरह की यौन गतिविधि। यौन गतिविधियों में संभोग करना, यौनाँगों को स्पर्श करना, हस्तमैथुन करना या करवाना, छिपकर नग्न अवस्था में देखना, यौन उत्पीड़न करना, और अनुचित रूप से अश्लील मीडिया दिखाना, आदि शामिल हैं।

मनोवैज्ञानिक या भावनात्मक दुर्व्यवहार: धमकाने या नीचा दिखाने वाली बातें कहना, दुर्व्यवहार करने की धमकियाँ देना, प्रताड़ित करना, अपमान करना, भयभीत करना, व्यक्ति के साथ व्यवहार या उसकी उपस्थिति को स्वीकृत करने में असफल रहना, अथवा साँस्कृतिक या धार्मिक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं की अवहेलना करना।

धन-संबंधी दुर्व्यवहार: से तात्पर्यकिसी व्यक्ति की संपत्ति या पैसों को गैर-कानूनी या अनुचित तरीके से प्रयोग करने अथवा उसके सँसाधनों को किसी दूसरे भरोसेमंद संबंध के व्यक्ति द्वारा अवरुद्ध किए जाने से है।

रसायन-संबंधी दुर्व्यवहार: से तात्पर्य दवाइयों और नुस्खों के गलत प्रयोग से है, जिसमें दवाइयों को रोककर रखना और अत्यधिक दवाइयाँ देना शामिल है। कानूनी उपायों के लिए सुगमता को बाधित करने के माध्यम से दुर्व्यवहार – अन्य नागरिकों को प्राप्त न्याय या कानूनी तंत्रो के लिए सुगमता को बाधित करना और समर्थन के इच्छुक व्यक्ति या उसके स्थान  पर उसके निर्णयकर्ता द्वारा निवेदन किए गए अनौपचारिक या औपचारिक पक्षसमर्थन को बाधित करना।

उपेक्षा: से तात्पर्य आश्रित वयस्कों या बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी वाले व्यक्तियों द्वारा उनके लिए आवश्यक देखभाल, सहायता या मार्गदर्शन प्रदान करने में असफलता से है। उपेक्षा में निम्नलिखित बातें शामिल होती हैं, लेकिन यह केवल इसी तक सीमित नहीं है:

  • शारीरिक उपेक्षा: पर्याप्त भोजन, आवास, कपड़ों से मिलने वाली सुरक्षा, निगरानी और चिकित्सीय व दंत देखभाल प्रदान करने में असफलता, अथवा लोगों के लिए असुरक्षित परिवेशों या कार्यप्रथाओं के माध्यम से अनुचित खतरा पैदा करना।
  • उदासीनता उपेक्षा: देखभालकर्ता के पास अपर्याप्त जानकारी, उसकी दुर्बलता, या निर्धारित की गई सेवाएँ प्रदान करने में उसकी असफलता के कारण देखभाल की जिम्मेदारियाँ पूरी करने में असफलता।
  • भावनात्मक उपेक्षा: किसी वयस्क या बच्चे के सामाजिक, बौद्धिक और भावनात्मक विकास या कल्याण के लिए आवश्यक प्रोत्साहन या प्रेरणा प्रदान करने में असफलता।

साभिप्राय अभाव: किसी व्यक्ति को दवाइयों, चिकित्सीय देखभाल, आवास, भोजन, चिकित्सीय उपकरण या अन्य शारीरिक सहायता के लिए सुगमता से वंचित रखना, जिससे उस व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक नुकसान होने का खतरा हो सकता है।

भूल-चूक के अपराध: लापरवाही, यानि समुचित देखभाल के कर्तव्य के अनुसार काम न करना।

शोषण: से तात्पर्य विकलाँगता-ग्रस्त व्यक्ति की संवेदनशीलता का लाभ उठाने से है, ताकि किसी दूसरे व्यक्ति के लाभ या सुविधा के लिए विकलाँगता-ग्रस्त व्यक्ति या उसके संसाधनों का उपयोग किया जा सके (जैसे, धन-संबंधी दुर्व्यवहार)।

रिपोर्टिंग करने में बाधाएँ

ऐसी कुछ बाधाएँ मौजूद हो सकती हैं, जो लोगों को दुर्व्यवहार, उपेक्षा या शोषण की रिपोर्टिंग करने से रोक सकती हैं। इन बाधाओं में निम्नलिखित शामिल हो सकता है:

  • शिक्षा और प्रशिक्षण के सीमित अवसर
  • अलगाव
  • भय
  • व्यक्ति का इतिहास
  • भाषा और संवाद
  • विकलाँगता और लैंगिक रुझान के बारे में विचार

हमारी जिम्मेदारियाँ

दुर्व्यवहार, उपेक्षा और लापरवाही की रोकथाम करने में Hireup एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि:

  • समुदाय में प्रवेश करने से पहले Hireup के सभी उपयोगकर्ताओं की समुचित जाँच और सत्यापन किया जाए
  • Hireup के सभी उपयोगकर्ताओं को दुर्व्यवहार और उपेक्षा के बारे में शिक्षित किया जाए
  • दुर्व्यवहार, उपेक्षा और लापरवाही के चेतावनी संकेतों की पहचान करने के लिए हम अपने समुदाय की समय-पूर्व सक्रियता से निगरानी करें
  • प्रतिक्रियाएँ, शिकायतें और घटनाओं की सूचना देने के लिए एक खुली और जवाबदेह सँस्कृति बनाकर हम रिपोर्टिंग करने में आने वाली बाधाओं को दूर करें
  • हम समय पर, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ रिपोर्टिंग का उत्तर दें
  • चिंताओं के बारे में बताने या प्रतिक्रिया करने के परिणामस्वरूप Hireup उपयोगकर्ता पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े
  • दुर्व्यवहार, उपेक्षा और शोषण की घटनाओं की पहचान करने वाले Hireup उपयोगकर्ताओं और उनके परिवारों व देखभालकर्ताओं को समर्थन प्रदान किया जाए
  • हम समय पर प्रासंगिक राज्य और राज्य-क्षेत्र के सरकारी विभागों और नियामकों को आवश्यक रिपोर्ट दें

आपकी जिम्मेदारियाँ

हमारे समुदाय में शामिल होकर आप सुरक्षित और समुचित रूप से विकलाँगता समर्थन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए Hireup के साथ साझेदारी में शामिल होते/होती हैं। आप एक Hireup उपयोगकर्ता के रूप में:

  • हमारे उपयोगकर्ताओं के कल्याण में योगदान देंगे/देंगी
  • अपनी चिंताओं को नोट करके या घटनाओं की रिपोर्टिंग करके दुर्व्यवहार और उपेक्षा की रोकथाम व प्रबंध करने के लिए Hireup की सहायता करेंगे/करेंगी
  • घटनाओं और मामलों की जाँच करने और उनके समाधान के लिए Hireup के साथ काम करेंगे/करेंगी
  • जब हम कल्याण के बारे में आपकी अपेक्षाओं को पूरा न कर पाएँ, तो हमें प्रतिक्रिया देकर Hireup को सचेत करेंगे/करेंगी

सुरक्षा और प्रतिक्रिया प्रणालियाँ

हमने अनेक प्रकार की सुरक्षा और प्रतिक्रिया प्रणालियाँ विकसित की हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम सक्रिय रूप से दुर्व्यवहार और उपेक्षा की रोकथाम कर रहे हैं और हम शीघ्रता तथा व्यावसायिक रूप से घटनाओं का उत्तर दे सकते हैं।

उपयोगकर्ता जाँच प्रक्रिया

सभी उपयोगकर्ताओं की विस्तार से जाँच की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके लिए Hireup समुदाय में शामिल होना सुरक्षित और समुचित है।

समर्थन के इच्छुक लोग अपने लक्ष्यों और आवश्यकताओं को समझने के लिए विस्तार से समर्थन योजनाएँ उपलब्ध कराते हैं और हमारी समुदाय समर्थन टीम (Community Support team) के साथ फोन पर व्यक्तिगत रूप से बात करते हैं।

रोजगार-पूर्व पहचान और सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से समर्थन कर्मियों की जाँच की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे हमारी आवश्यकताओं के अनुपालन में हैं। समर्थन कर्मियों के लिए वर्तमान पुलिस रिकॉर्ड जाँच और बच्चों/संवेदनशील व्यक्तियों के साथ काम करने की वैध उपयुक्तता जाँच (working with children/vulnerable people check) उपलब्ध कराना अनिवार्य होता है। उनकी उपयुक्तता सुनिश्चित करने और चिंताजनक कारणों की पहचान करने के लिए दो व्यावसायिक संदर्भों से संपर्क किया जाता है।

उपयोगकर्ता शिक्षण

हम दुर्व्यवहार, उपेक्षा और लापरवाही के बारे में समझ-बूझ, क्षमता और जागरुकता का निर्माण करने के लिए अपने उपयोगकर्ताओं के साथ समय-पूर्व सक्रियता से जुड़ते हैं। सामुदायिक कार्यक्रमों, ऑनलाइन प्रशिक्षण कोर्सों, वेबिनारों और व्यक्तिगत समर्थन के माध्यम से ऐसा किया जाता है।

उपयोगकर्ता कल्याण जाँच

हमारी समुदाय समर्थन टीम (Community Support team) नियमित रूप से अपने सक्रिय उपयोगकर्ताओं का समाचार लेती रहती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सुरक्षित, समर्थित और चिंताओं या घटनाओं की रिपोर्टिंग करने में सक्षम महसूस करें।

प्रतिक्रिया और आकलन

चिंताओं या घटनाओं, प्रतिक्रियाओं और शिकायतों की रिपोर्टिंग करने के लिए उपयोगकर्ताओं के पास कई माध्यम हैं, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

  • 24-घंटे ऑनलाइन घटना रिपोर्ट फॉर्म
  • निरंतर संबंध जाँचें (Ongoing Relationship Check-Ins)

घटना और प्रतिक्रिया उत्तर टीम (Incident and Feedback Response Team)

घटनाओं की जाँच और समाधान करने के लिए Hireup के पास एक घटना प्रतिक्रिया टीम (Incident Response Team) 24/7 उपलब्ध रहती है। इसके अतिरिक्त टीम यह भी सुनिश्चित करती है कि प्रतिक्रिया के हरेक अंश की समीक्षा की जाए और शीघ्रता व सावधानी से उत्तर दिया जाए।